नेपाल में महज आठ घंटों के दरम्यान दो जगहों पर हुए भूस्खलन में मलबे के नीचे दबने से 24 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 से अधिक लोग लापता हो गए। दोनों ही जगह बचाव और राहत कार्य जारी हैं।
भूस्खलन की पहली घटना कालीकोट महावाई गाऊ पालिका वार्ड नंबर तीन नाकू गांव में बृहस्पतिवार रात हुई। रात में हुई भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में मलबे के नीचे 38 लोग दब गए। शुक्रवार देर शाम तक चले राहत एवं बचाव कार्य में पांच बच्चों सहित 18 लोगों के शव निकाले जा चुके थे।
मृतकों में एक ही परिवार के चार बच्चे हैं। राजबहादुर बिस्टा के परिवार में पुत्र पुष्पा बिस्टा (13), प्रवीण बिस्टा (11), बेटी सविना बिस्टा (18) और आशा बिस्टा (15) की मौत हो गई। पड़ोस में ही रहने वाले राजबहादुर बिस्सा के भाई दिलबहादुर बिस्सा (19) और रेशमा बिस्सा की दस वर्षीय बेटी शांति बिस्सा की भी मौत हो गई। देर शाम तक एक बच्चे सहित 18 लोगों के शव मलबे से बाहर निकाले गए।