लापरवाही पड़ी भारी, गोला एसओ लाइनहाजिर
गोरखपुर। घटना की सूचना के बावजूद मौके पर न जाने और अफसरों को समय से सूचना न देने के आरोप में गोला थानेदार हेमेंद्र पांडेय को एसएसपी ने लाइनहाजिर कर दिया है। उनकी जगह झंगहा थानेदार रहे संतोष कुमार सिंह को तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गोला कस्बे में ही कई दुुकानों में चोरी की घटना हुई थी। एसएसपी के मुताबिक यदि पुलिस गश्त पर होती तो इस तरह की वारदात को रोका जा सकता है। इसी तरह क्षेत्र के एक गांव से तीन बहनें लापता हो गई थीं। इसकी सूचना के बाद भी मौके पर थानेदार नहीं पहुंचे थे। इतना ही नहीं एक अन्य गांव से नाबालिग लड़की के गायब होने की सूचना भी उच्चाधिकारियों को नहीं दी गई थी। पूछे जाने पर थानेदार ने अन्य पुलिसकर्मी से पूछकर इसकी जानकारी अफसरों दी थी। एसएसपी ने लापरवाही व उदासीनता बरतने के आरोप में थानेदार को लाइनहाजिर कर दिया। एसएसपी जोगिंदर कुमार ने बताया कि लापरवाही पाए जाने पर लाइनहाजिर किया गया है, उनकी जगह पर नई तैनाती कर दी गई है।
एक इंस्पेक्टर, दो दरोगा का कार्यक्षेत्र बदला
एसएसपी ने झंगहा के थानेदार रहे संतोष कुमार सिंह को गोला का नया थानेदार बनाया है। उनकी जगह पर पुलिस लाइंस में रहे भवानी भीख राजभर को थानेदारी सौंपी गई है। इसी तरह गगहा थानेदार डीके सिंह के सस्पेंड होने के बाद उनकी जगह पर पीआरओ रहे राजप्रकाश को थानेदार बनाया गया है।
सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर जाए पुलिस : एसएसपी
गगहा में डबल मर्डर में पुलिस की लापरवाही उजागर होने के बाद एसएसपी जोगिंदर कुमार ने पुलिस वालों को निर्देशित किया है कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचें। साथ ही इसकी जानकारी आला अफसरों को भी दें। मामले की गंभीरता को मौके पर देखने के बाद उसी हिसाब से कार्रवाई भी की जाए। शांति व्यवस्था स्थापित करने के साथ ही पिकेट लगाई जाए।