बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर से पीड़ित नीट छात्रा ने तीन बार आत्महत्या की कोशिश की
- फोटो : एआई
नीट की परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा लंबे समय तक खुद को बदसूरत समझने की मानसिक परेशानी से जूझती रही। उसे लगता था कि उसकी नाक टेढ़ी है, चेहरा अच्छा नहीं है, पेट निकला हुआ है और बाल भी ठीक नहीं दिखते। इस सोच का असर न केवल उसकी पढ़ाई और सामाजिक जीवन पर भी पड़ने लगा, ब्लकि उसने तीन बार आत्महत्या की काेशिश तक की।
बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर की थी शिकार
वह क्लास में सबसे पीछे बैठती और ग्रुप फोटो खिंचवाते समय चेहरा छिपा लेती थी। बाद में मनोचिकित्सक ने जांच और काउंसलिंग के बाद उसे बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर से पीड़ित पाया। कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी (सीबीटी) से उपचार के बाद अब उसकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
मनोचिकित्सक डॉ. आकृति पांडेय के मुताबिक, काउंसलिंग के दौरान छात्रा ने बताया कि वह अपनी उम्र के हिसाब से खुद को सुंदर नहीं मानती। शीशे में देखने पर उसे अपने चेहरे और शरीर में कई कमियां नजर आती थीं। वह खाली समय में बार-बार शीशे के सामने खड़ी होकर खुद को देखती और मोबाइल में फिल्टर लगाकर तस्वीरें खींचती थी। परिवार का प्यार और अच्छे दोस्तों का साथ मिलने के बावजूद वह इस परेशानी से बाहर नहीं निकल पा रही थी।
क्लास में सबसे पीछे बैठती थी छात्रा
इस मानसिक परेशानी के कारण छात्रा कॉलेज में असहज महसूस करती थी। उसे लगता था कि दूसरे लोग उसकी शारीरिक बनावट की कमियों पर ध्यान देते हैं। इसी वजह से वह क्लास में सबसे पीछे बैठती और ग्रुप फोटो में अपना चेहरा छिपा लेती थी। परिवार करीब दो साल से उसकी परेशानी को देख रहा था। अलग-अलग जगह इलाज कराने के बाद भी जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो अप्रैल 2026 में उसे मनोचिकित्सक के पास लाया गया। इस दौरान छात्रा ने आत्महत्या की कोशिश भी की थी।
सीबीटी से आया सुधार
डॉ. आकृति पांडेय ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान छात्रा में बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर के लक्षण सामने आए। इसके बाद उसे नियमित काउंसलिंग के साथ कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी (सीबीटी) दी गई। इस उपचार के जरिए उसकी नकारात्मक सोच और अपने शरीर को लेकर बनी गलत धारणाओं पर काम किया गया। लगातार उपचार के बाद छात्रा की स्थिति में काफी सुधार आया है। परिवार भी अब उसकी बेहतर होती स्थिति से राहत महसूस कर रहा है।