नारायणी सामाजिक कुंभ आयोजन समिति की तरफ से एक लाख परिवारों में नारायणी जल वितरण कार्यक्रम ‘मां नारायणी आपके द्वार’ के क्रम में सोमवार को स्वच्छताकर्मियों ने खड्डा, बोधी छपरा व अन्य गांवों में यह जल वितरित किया। एक लाख परिवारों तक यह जल पहुंचाया जाना है, जिसमें अब तक 98 हजार परिवारों में इसका वितरण हो चुका है। दस फरवरी को दो हजार आगंतुकों को जल देकर एक लाख संख्या पूरी की जाएगी।
मां नारायणी सामाजिक कुंभ के संयोजक मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि मौनी अमावस्या के अवसर पर आयोजित नारायणी सामाजिक कुंभ इस क्षेत्र का ऐतिहासिक आयोजन है। इसमें काफी संख्या में लोग शामिल होते हैं।
कोरोना संकट के चलते श्रद्धालु जल से वंचित न हो जाएं, इसे देखते हुए 29 नवंबर से घर-घर जल वितरण किया जा रहा है। सोमवार को इस अभियान के अंतिम दिन वाल्मीकि समाज की बस्ती व स्वच्छता कार्य से जुड़े परिवारों में जल वितरण करते हुए समापन किया गया।
उन्होंने बताया कि अभी तक 98 हजार परिवारों में जल पहुंचाया जा चुका है। दस फरवरी को पनियहवा घाट पर आयोजित सामाजिक कुंभ के शुभारंभ पर दो हजार आगंतुकों को जल देकर एक लाख की संख्या को पूर्ण की जाएगी।
सोमवार को वितरण के दौरान रोशनलाल भारती, प्रभाकर पांडेय, दुर्गा सिंह, शिवशंकर गुप्त, कैलाश भारती, विकास सिंह, सुनील यादव, अनुराग प्रताप सिंह, आनंद तिवारी, जयप्रकाश सिंह, वीरेंद्र पांडेय, मोहन प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद थे।