गोरखपुर। निजी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गुणवत्ता मानकों को अपनाने पर जोर दिया है। शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय में आयोजित ''''गुणवत्ता यात्रा'''' कार्यशाला में जिले के 35 से अधिक निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों को अस्पतालों की सेवाओं में सुधार के तरीके बताए गए। साथ ही उन्हें एनएबीएच एंट्री लेवल प्रमाणन लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सीएमओ डॉ. नंदलाल कुशवाहा के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल सिंह ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण और उपचार की गुणवत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है। एनएबीएच के मानकों को अपनाने से अस्पतालों की व्यवस्था बेहतर होती है। छोटे और मध्यम अस्पतालों के लिए एंट्री लेवल प्रमाणन गुणवत्ता सुधार की दिशा में व्यावहारिक शुरुआत है।
भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) और राष्ट्रीय अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाता प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएच) के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में क्यूसीआई के प्रकाश चंद पांडेय और तुषार सिंह चंदेल ने प्रमाणन के लाभों के साथ आवेदन से लेकर प्रमाणपत्र प्राप्त करने तक की प्रक्रिया समझाई। एनएबीएच असेसर डॉ. ऋतु गुप्ता ने अस्पतालों में लागू होने वाले प्रमुख मानकों, जरूरी दस्तावेजों और प्रमाणन के लिए की जाने वाली तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों के सवालों का जवाब भी दिया। साथ ही सभी निजी अस्पतालों से प्रमाणन प्रक्रिया से जुड़ने की अपील की।