कोरोना संकट के बीच मुस्लिम महिलाएं यूट्यूबर बन गई हैं। कोई रेसिपी तो कोई घरेलू नुस्खे की जानकारी देकर अपनी जिंदगी का रंग भर रहा है। गोरखपुर शहर में खोखर टोला की रहने वाली गौसिया सुम्बुल मदरसा शिक्षिका हैं। कोरोना वायरस की चुनौती के बीच गौसिया ने बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा दी। साथ ही खाली समय में वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड कर दिया। 461 मिनट के छोटे-छोटे 90 से अधिक वीडियो बनाए हैं। इसे देश व दुनियाभर से सराहना मिली है।
शिक्षिका ने जून 2020 में 'गोरखपुर गर्ल्स गौसिया सुम्बुल' चैनल बनाया था। इसके माध्यम से खानपान की रेसिपी से लेकर फैशन, पर्व, यातायात, स्थानीय बाजार, मॉल, ऐतिहासिक स्थल आदि की जानकारी दी जा रही है। वीडियो को खुद एडिट करती हैं, फिर यूट्यूब पर अपलोड करती हैं। अच्छे फॉलोअर भी हैं। इनके जैसे तमाम घरेलू महिलाओं ने यूट्यूब चैनल बनाया और अलग-अलग वीडियो से प्रसिद्धि हासिल की।
गौसिया सुम्बुल ने बताया कि कोरोना काल में जहां समाज में दूरी बढ़ी है लेकिन सोशल मीडिया पर दूरियां घटी हैं। अपने विचार के साथ ही लाइफ स्टाइल शेयर कर रहे हैं। कोई भी महिला यूट्यूबर बन सकती है। यूट्यूब घर बैठे कमाई का भी अच्छा स्रोत बन सकता है।
अजरा जमाल ने बताया कि महिलाओं की एक खास प्रतिभा सामने आई है। वह है, सोशल मीडिया के जरिए अपनी लाइफ स्टाइल से दुनिया को रू-ब-रू करवाने की। इसमें मुस्लिम महिलाएं भी पीछे नहीं हैं। लॉकडाउन के दौरान सोशल मीडिया और खासकर यूट्यूब का जमकर सदुपयोग किया।