सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के महादेवा जंगल गांव में निर्माणाधीन मकान के चौखट से युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
महादेवा जंगल गांव निवासी कुश कुमार चौधरी (24) का शव बुधवार को गांव के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान के चौखट से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला था। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई दीनानाथ चौधरी ने तहरीर में आरोप लगाया है कि घर से करीब 300 मीटर दूर बृजकिशोर यादव के निर्माणाधीन मकान में अज्ञात लोगों ने पहले गला कसकर उनके भाई की हत्या की और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को चौखट से लटका दिया। तहरीर में यह भी कहा गया है कि मृतक की गर्दन पर रस्सी के निशान, शरीर पर अन्य चोटें व घसीटे जाने के निशान मौजूद थे।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस सीडीआर, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
सीओ चौरीचौरा कुंदन सिंह का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।