गोरखपुर। बायोमीट्रिक अटेंडेंस प्रणाली में सामने आ रही अनियमितताओं को लेकर नगर निगम की ओर से सख्त रुख अपनाया गया है। लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों को चेतावनी जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया गया है कि उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम के अधिकारियों की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि आईडी और पासवर्ड का आपस में साझा करना पूरी तरह नियमों के विरुद्ध है। प्रत्येक कर्मचारी को अपनी ही पहचान से अटेंडेंस दर्ज करनी होगी। साथ ही यह भी अनिवार्य किया गया है कि एक वार्ड में अटेंडेंस के लिए केवल एक अधिकृत मोबाइल का ही उपयोग किया जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे मौके पर पहुंचकर अटेंडेंस की प्रक्रिया की जांच करें और किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करें। नगर निगम के जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश कुमार के अनुसार यदि दोबारा अनियमितता पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद