गोरखपुर। संभावित चक्रवात अर्णब और अगले दो दिनों के लिए मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर नगर निगम ने जलभराव से बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त अजय जैन ने बृहस्पतिवार सुबह महानगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति न बनने पाए।
नगर आयुक्त ने सबसे पहले बिछिया ताड़ीखाना में पोकलेन और जेसीबी से कराए जा रहे नाला सफाई कार्य को देखा। इसके बाद चंपा देवी पार्क के पास जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। नया सवेरा और चिड़ियाघर के पास गोरखपुर विकास प्राधिकरण की ओर से संचालित पंपिंग स्टेशनों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिशासी अभियंता अशोक भाटी को जीडीए से समन्वय बनाकर बारिश के दौरान दोनों पंप समय से चलवाने के निर्देश दिए। पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास नाले की सफाई कराने के लिए जोनल अधिकारी ओपी यादव को निर्देशित किया।
विजय चौक स्थित निजी हॉस्पिटल के पास नाला सफाई का निरीक्षण करते हुए सफाई निरीक्षक रामविजय को अस्पताल से आगे की सभी पुलियों की गहन सफाई कराने को कहा, ताकि पानी का बहाव बाधित न हो। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने और सभी जरूरी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।