नगर निगम में शामिल 10 नए वार्डों में कर निर्धारण का काम पूरा हो गया है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद निगम ने रेट तय कर दिए हैं। ये दरें वित्तीय वर्ष 2024-25 से प्रभावी होंगी। नए साल से कॉमर्शियल संपत्तियों से वसूली भी शुरू हो जाएगी।
नगर निगम नवसृजित 10 वार्डों में वर्तमान सत्र 2024-25 से संपत्ति कर वसूल करेगा। फिलहाल वार्ड नंबर छह खोराबार और वार्ड नंबर 31 हरसेवकपुर में सर्वेक्षण एवं जियो टैग का काम निजी फर्म कर रही है।
साल 2018-19 में हुए सीमा विस्तार के अंतर्गत नगर निगम में 31 गांव शामिल हुए। उसके बाद 10 नए वार्डों का सृजन हुआ, जिसमें रानीडीहा, खोराबार, बड़गो, संझाई, मोहनपुर, गुलरिहा, हरसेवकपुर, भरवलिया, देवी प्रसाद नगर और गायघाट वार्ड बनाए गए।
नगर निगम के सीमा विस्तार के लिए नोटिफिकेशन की प्रक्रिया साल 2019 में ही पूरा कर ली गई थी। निगम में शामिल क्षेत्रों की पांच साल की अवधि पूरी हो चुकी है। इन वार्डों में जीआईएस सर्वेक्षण नहीं हुआ है। लिहाजा निजी फर्म के कर्मचारियों के जरिये नगर निगम घर-घर सर्वेक्षण करा रहा है।
वर्तमान में खोराबार और हरसेवकपुर में करीब आठ हजार 131 भवनों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। सर्वेक्षण करा रही फर्म को काम में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें मोहल्लेवार सभी मकानों को सीरियल नंबर और हाउस नंबर भी दिए जा रहे हैं।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय ने बताया कि जिन भवनों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है, उन्हें संपत्तिकर के लिए नोटिस भी दिए जाएंगे, ताकि नोटिस पर आपत्तियां सुनकर वर्तमान वित्तीय वर्ष से ही संपत्ति कर जमा कराया जाए।
उधर, नए वार्डों का कर निर्धारण फाइनल हो गया है। जनवरी से कॉमर्शियल संपत्तियों के लिए वसूली शुरू हो जाएगी। इसके बाद जैसे-जैसे वार्डों में सर्वे पूरा होगा, उसके हिसाब से वसूली की जाएगी।