मौसम में बदलाव के साथ ही बच्चों पर पहले डेंगू और फिर निमोनिया का अटैक हो रहा है। एम्स में तीन और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में दो बच्चे भर्ती हुए हैं। निमोनिया की दवा चलने के बाद बच्चों की हालत गंभीर हो जा रही है। एम्स में भर्ती एक बच्चे की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे पीजीआई, लखनऊ रेफर किया गया है, जबकि अन्य बच्चों की हालत में मामूली सुधार है।
डेंगू मच्छरों के लिए अनुकूल समय अक्तूबर तक ही होता है, लेकिन दिसंबर में भी डेंगू का प्रकोप कम नहीं हुआ है। इस समय सबसे ज्यादा खतरा छोटे बच्चों को है। एम्स में तीन मामले ऐसे आए हैं, जिनमें पहले डेंगू हुआ और फिर निमोनिया हो गया। कुशीनगर, बांसगांव और चौरीचौरा इलाके के तीन लोगों ने अपने बच्चों को भर्ती कराया है।
तीनों ही केस में पहले हल्का बुखार हुआ और चौथे दिन उल्टी-दस्त होने लगी। छठवें दिन से हालत गंभीर हो गई। पहले दवा निमोनिया की चली लेकिन सुधार नहीं होने पर जांच कराने पर पता चला कि डेंगू भी है। हालांकि, डॉक्टरों ने अब डेंगू का इलाज शुरू किया तो राहत मिली है।