गोरखपुर। दिग्विजयनगर वार्ड व जतीपुर वार्ड के जल निकासी विवाद प्रकरण के बाद जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बुधवार को तरंग क्रॉसिंग व गोकुल अपार्टमेंट के पास लेवल सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया। मुख्य अभियंता अमित शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम और जल निगम के अभियंताओं ने क्षेत्रीय पार्षदों के साथ मौके पर पहुंचकर जल निकासी की स्थिति की जानकारी लेकर प्राकृतिक ढाल का अध्ययन शुरू कराया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले हड़हवा फाटक क्षेत्र में जलनिकासी को लेकर दो पार्षदों के बीच नोकझोंक हुई थी। इसके बाद मंगलवार को मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में नगर आयुक्त अजय जैन ने पूर्व उपसभापति व पार्षद ऋषि मोहन वर्मा, पार्षद पवन सिंह तथा मुख्य अभियंता अमित शर्मा के साथ बैठक कर समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा की थी। बैठक में मेयर ने निर्देश दिया था कि जल निगम और नगर निगम के अभियंताओं की संयुक्त टीम प्राकृतिक ढाल का लेवल सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करे, ताकि पानी के बहाव का वैज्ञानिक आधार पर समाधान निकाला जा सके।
इसी क्रम में बुधवार को मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने मुख्य अभियंता ने गोकुल अपार्टमेंट सोसाइटी के पदाधिकारी व दोनों पार्षदों से बातचीत के बाद तरंग क्रॉसिंग के पास लेवल सर्वे का कार्य शुरू कराया। मुख्य अभियंता अमित शर्मा का कहना है कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर जलनिकासी की प्रभावी योजना तैयार की जाएगी, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
इस दौरान पूर्व उपसभापति पार्षद ऋषि मोहन वर्मा,पार्षद पवन सिंह,अमित टिबड़ेवाल, पवन जालान,मनीष सराफ, सहायक अभियंता रंजीत, अवर अभियंता मुरलीधर आदि मौजूद रहे।