गोरखपुर। नगर निगम की टीम ने सोमवार को जटेपुर में जर्जर मकान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भवन का ध्वस्तीकरण करा दिया। नगर निगम के अनुसार, आराजी संख्या 302 में रामसूरत का मकान जर्जर श्रेणी में था। भवन कल्याण मंडपम जाने वाले रास्ते में भी आ रहा था।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को ध्वस्त कराया। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि सोमवार को नगर निगम की टीम ने जटेपुर स्थित मकान को गिराने की कार्रवाई की। भवन की स्थिति जर्जर होने के साथ ही उसके स्थान को लेकर भी कार्रवाई की गई। नगर निगम की ओर से जर्जर भवनों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, ताकि ऐसे भवनों से किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे। सोमवार को हुई कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम मौके पर मौजूद रही।