गोरखपुर। नगर निगम की ओर से कूड़ा वाहन चालकों पर सख्ती की जाएगी। कूड़ा निस्तारण के लिए एक चक्कर लगाने वाले वाहन चालकों पर नजर रख सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने एक चक्कर लगाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्देश दिए गए थे कि प्रत्येक वाहन प्रतिदिन कम से कम दो चक्कर लगाए। लेकिन निरीक्षण में कई चालक केवल एक चक्कर लगाते पाए गए। इस संबंध में 31 दिसंबर को आरोपी चालकों की सूची उपलब्ध कराने के बाद भी एक माह बीत जाने पर न तो जांच कराई गई और न ही कोई कार्रवाई की गई। जोनल सेनेटरी अधिकारी ने इसे विभागीय कार्यों में रुचि की कमी बताते हुए नाराजगी जताई है। वहीं, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार की ओर से भी पत्र जारी कर कहा गया है कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों की ओर से दो चक्कर न लगाए जाने से कचरे का समुचित निस्तारण नहीं हो पा रहा है। निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे वाहन चालकों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। एक से अधिक बार दोषी पाए जाने पर उन्हें कार्यमुक्त करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश कुमार ने सभी ऐसे वाहन चालक जो एमआरएफ/जीटीएस केंद्रों पर केवल एक चक्कर कर रहे हैं, उनके विरुद्ध अविलंब कार्रवाई का प्रस्ताव मांगा है।