- नगर आयुक्त ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जलनिकासी के दिए निर्देश
- जलभराव की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए रात में भी सक्रिय रहेगी विशेष टीम
गोरखपुर। नगर निगम के अनुसार, महानगर में बृहस्पतिवार दिन में एक से तीन बजे के बीच करीब 33 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के बाद नगर निगम प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों में जलनिकासी के लिए पंप और टीमें लगाईं। महापौर के निर्देश पर नगर आयुक्त अजय जैन ने निगम अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जलनिकासी कार्य तेज कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम के मुताबिक, निचले और जलभराव वाले क्षेत्रों में जहां जलनिकासी में अवरोध मिला, वहां तत्काल पंप लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की गई। निर्माण विभाग के सभी अभियंताओं को नगर क्षेत्र में स्थापित संपवेल और अस्थायी पंपों का स्थल पर निरीक्षण करने तथा उन्हें लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक मशीनरी और संसाधनों के साथ विशेष टीमें तैनात की गई हैं। जलभराव की सूचना पर तत्काल कार्रवाई के लिए रात्रिकालीन त्वरित कार्रवाई दल भी गठित किया गया है। नगर निगम का नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। नागरिक जलभराव की सूचना 1533, 8810709390 या 0551-2342621 पर दे सकते हैं।