गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन रविवार को घंटाघर पहुंचे, जहां व्यापारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सर्राफा भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने घंटाघर बाजार को एकरूप और आकर्षक स्वरूप देने पर जोर दिया। नगर आयुक्त ने कहा कि क्षेत्र की सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों का रंग एक जैसा, गेरुआ रखा जाए तथा सभी दुकानों के साइन बोर्ड भी एक समान डिजाइन के हों, ताकि बाजार की सुंदरता बढ़े। उन्होंने व्यापारियों से इस कार्य को स्वयं के सहयोग से कराने का आग्रह किया।
बैठक में कुछ व्यापारियों ने कहा कि अधिकांश दुकानें चौड़ीकरण में काफी छोटी हो गईं हैं, व्यापारियों को नुकसान हुआ है और उनकी पेंटिंग कराने में खर्च आएगा। इस पर नगर आयुक्त ने उनकी बात सुनी और अन्य सुझाव भी लिए। व्यापारियों ने बैठक में पार्किंग की समस्या भी उठाई। इस पर नगर आयुक्त ने बंधू सिंह कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की पार्किंग जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की पार्किंग कम होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
व्यापारी पंकज गोयल ने कहा कि पार्किंग शुरू होने से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को सुविधा मिलेगी। बैठक में सराफा मंडल के अध्यक्ष गणेश वर्मा, अभिषेक गुप्ता, संदीप शर्मा, नवीन चौरसिया सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।