- नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, मोती पोखरा व तालाब के सौंदर्यीकरण का डीपीआर बनाने के दिए निर्देश
गोरखपुर। बशारतपुर क्षेत्र में प्रस्तावित नाले के निर्माण को लेकर नगर आयुक्त अजय जैन और मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने सोमवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्रस्तावित नाले की स्थिति का जायजा लिया। कहा कि पीडब्ल्यूडी की ओर से मेडिकल नाले का बेड लेवल और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त होने के बाद ही कार्य शुरू होगा।
निरीक्षण में पाया गया कि वर्तमान में लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्मित मेडिकल नाले का लेवल उपयुक्त नहीं है। इसके कारण वर्षा का पानी बशारतपुर क्षेत्र में वापस लौट रहा है, जिससे जलभराव की समस्या बनी हुई है। नगर आयुक्त ने क्षेत्र स्थित मोती पोखरा और तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों जलाशयों का विस्तृत सर्वेक्षण कराने व उनके संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए डीपीआर शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।