गोरखपुर। सांसद रविकिशन शुक्ल ने बुधवार को नई दिल्ली में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान समसामयिक विषयों, क्षेत्रीय विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस दौरान गोरखपुर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर विचार-विमर्श किया गया। सांसद रवि किशन ने एयरपोर्ट के मौजूदा ढांचे, बढ़ती यात्री संख्या और भविष्य की जरूरतों का हवाला देते हुए इसके विस्तार की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में हवाई यात्रा की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में एयरपोर्ट का विस्तार जरूरी है।
रक्षा मंत्री ने सांसद के उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और इस दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। राजनाथ सिंह कहा कि क्षेत्रीय विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए इस तरह के प्रस्ताव महत्वपूर्ण हैं और इन पर उचित विचार किया जाएगा।रवि किशन ने बैठक के बाद कहा कि गोरखपुर एयरपोर्ट का विस्तार होने से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी बल्कि व्यापार, पर्यटन व निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।