गोरखपुर सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने प्रशासनिक काम-काज और जनता की सहूलियत के लिए पिपराइच को जिले की नई तहसील बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि गोरखपुर को महानगर घोषित किया जा चुका है। सदर तहसील के अन्तर्गत चरगावां एवं खोराबार ब्लॉक के अधिकांश ग्राम सभा गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में आ चुके हैं। इससे सदर तहसील पर कार्य का बोझ बढ़ गया है। तीन दशक से सदर तहसील की जनसंख्या भी कई गुना बढ़ी है।
इसको देखते हुए पिपराइच एवं भटहट ब्लॉक के कुछ क्षेत्र को गोरखपुर सदर तहसील से अलग करके पिपराइच को तहसील बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव को स्वीकृति करने के साथ डीपीआर तैयार करने के लिए डीएम और संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश देने का अनुरोध किया है।
सरैया व उनौला बाजार को ब्लॉक बनाने की जरूरत
गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ला ने बताया कि उन्होंने सरैया और उनौला बाजार को ब्लॉक मुख्यालय बनाने के लिए भी मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सांसद ने कहा महानगर के विस्तार में चरगांवा और खोराबार ब्लॉक की अधिकांश ग्राम सभा नगर निगम क्षेत्र में समाहित हो चुकी है। इन ग्राम सभाओं को लेकर चरगावां ब्लॉक की भूमिका समाप्त हो जाएगी।
सांसद ने कहा कि चरगावां ब्लॉक की ऐसी ग्राम सभा जो गोरखपुर-महराजगंज रोड पड़ती है एवं चरगावां ब्लॉक के उत्तर दिशा के ग्राम सभा के साथ भटहट ब्लॉक के कुछ ग्राम सभा को मिलाकर एक नया ब्लॉक गठित कर इसका मुख्यालय सरैया में बनाया जा सकता है। चरगांवा ब्लॉक के गोरखपुर-पिपराइच रोड पर पड़ने वाले गांवों एवं चरगावां ब्लॉक के पूर्व दिशा के ग्राम सभाओं के साथ भटहट एवं पिपराइच ब्लॉक के कुछ ग्राम सभा तथा वनटांगिया ग्राम सहित खोराबार ब्लॉक के कुछ ग्राम सभाओं को मिलाकर एक नया ब्लॉक बनाते हुए इसका मुख्यालय उनौला बाजार में बनाए जाने से इस क्षेत्र का समग्र विकास हो सकेगा।