गोरखपुर। ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय में रिमोट से संचालित 13 आधुनिक बेड लगा दिए गए हैं। सोमवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक की मौजूदगी में सांसद रवि किशन ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान मरीजों का कुशलक्षेम पूछा और फल वितरित किया। इसके बाद परिसर में पौधे लगाए।
अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में 07 तथा गहन हृदय चिकित्सा इकाई (आईसीसीयू) में 06 अत्याधुनिक बेड लगाए गए हैं। सांसद निधि से करीब 51 लाख रुपये की लागत से लगाए बेड की सुविधा मरीजों को मिलने लगी है। सांसद ने आधुनिक उपचार सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित आपातकालीन प्रखंड के लिफ्ट, डे-केयर वार्ड, आपातकालीन वार्ड एवं फार्मेसी विंग का अवलोकन किया। साथ ही गोरखपुर जं. स्टेशन के पुनर्विकास पर चर्चा की। उन्होंने महाप्रबंधक से गोरखपुर से विभिन्न नगरों के लिए नई ट्रेन के संचलन पर विचार-विमर्श किया। महाप्रबंधक ने बताया कि दवाइयों के वितरण के लिए अलग फार्मेसी विंग तथा आधुनिक उपचार सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित आपातकालीन विंग बनाया गया है। उन्होंने कहा कि आईसीयू में अत्याधुनिक बेड की उपलब्धता होने से मरीजों का इसका लाभ मिलेगा।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. सुषमा भास्कर माटे, वरिष्ठ चिकित्सक, वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।