- मां ने जमीन के विवाद में छह लोगों पर लगाया हत्या का आरोप, शाहपुर में दर्ज हुई प्राथमिकी
- बिहार के बांका में मिला था शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, हादसे की आशंका भी जता रही पुलिस
गोरखपुर। बाबाधाम गए बिछिया जंगल तुलसीराम, शिवपुर निवासी बजरंगी निषाद की मौत के मामले में शाहपुर पुलिस ने हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक की मां बिंदु देवी ने जमीन के विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए भीम निषाद समेत छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। घटना बांका जिले में होने के कारण मुकदमा संबंधित थाने को स्थानांतरित किया जाएगा।
बिंदु देवी के अनुसार, बजरंगी दो अगस्त की शाम करीब छह बजे भीम निषाद के साथ बाबा के लिए निकला था। आरोप है कि रास्ते में भीम और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की और जमीन उनके नाम करने का दबाव बनाया। तीन अगस्त को बजरंगी ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन भीम ने फोन कर बजरंगी के लापता होने की जानकारी दी। बाद में कटोरिया थाना क्षेत्र के भैरोपुर छोटकी वन पोखर के पास गड्ढे में बजरंगी का शव मिला। परिजन मौके पर पहुंचे और बांका में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। घर लौटने पर परिजन ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
जमीन अपने नाम कराने का दबाव देने का आरोप
मृतक की मां ने आरोप लगाया कि भीम निषाद काफी समय से बजरंगी की जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। घटना बिहार में होने के कारण केस संबंधित थाने को भेजा जाएगा। अब तक की जांच में हादसे में मौत होने की आशंका भी सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।