गोरखपुर। होमगार्ड भर्ती परीक्षा दूसरे दिन रविवार को भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी रही। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी 24 केंद्रों पर पानी और पंखे के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रविवार को भी परीक्षा के दौरान घुमावदार सवालों ने अभ्यर्थियों को छकाया।
गर्मी के बीच परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी केंद्रों पर बिजली-पानी के इंतजाम से संतुष्ट नजर आए। हालांकि सवालों ने उन्हें परेशान किया। महराजगंज के धानी बाजार निवासी राहुल ने बताया कि कई सवाल बहुत टफ लगे। तैयारी के हिसाब से पेपर ठीक था। माइनस मार्किंग नहीं होने के कारण सभी सवाल हल किए। महराजगंज के विपिन चौधरी ने बताया कि पेपर कठिन आया था। उम्मीद है कि कटऑफ ज्यादा नहीं जाएगा। जनरल नॉलेज और करंट अफेयर्स के सवाल आसान लगे। अन्य सवाल टफ थे।
देवरिया के मनू यादव ने बताया कि पेपर आसान से मध्यम श्रेणी का रहा। जीके व करंट अफेयर्स के अलावा उत्तर प्रदेश, संविधान से संबंधित भी कई प्रश्न पूछे गए थे। परीक्षा के दौरान अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे। प्रशासन का दावा है कि रविवार को भी परीक्षा पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। किसी भी केंद्र से कोई शिकायत नहीं मिली।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि परीक्षा केंद्र के अलावा रेलवे स्टेशन व बस अड्डे पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
82 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
पहली पाली में पंजीकृत 10,848 में से 8846 उपस्थित व 2002 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में पंजीकृत 10,848 में से 8903 पंजीकृत व 1945 अनुपस्थित रहे। यानी दूसरे दिन की परीक्षा में पंजीकृत 21,696 में से 17,749 उपस्थित व 3947 अनुपस्थित रहे। दूसरे दिन करीब 82 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। सोमवार को दोनों पालियों की परीक्षा के साथ ही तीन दिनों तक चलने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा संपन्न होगी।