गोरखपुर। रोडवेज में काम कर रहे 650 से अधिक आउटसोर्स परिचालकों को संविदा में शामिल किया जाएगा। इसके लिए एक नवंबर से नया शासनादेश लागू होगा। इसी के आधार पर परिचालकों की भर्ती और समायोजन की प्रक्रिया की जाएगी। इससे लंबे समय से परिचालकों की कमी से जूझ रहे रोडवेज को राहत मिलने की उम्मीद है।
रोडवेज में वर्तमान में बड़ी संख्या में परिचालक आउटसोर्स के माध्यम से काम कर रहे हैं। अब इन सभी को संविदा व्यवस्था में शामिल किए जाने की तैयारी है। इसके साथ ही अगले महीने करीब 200 नए परिचालकों की भर्ती भी की जाएगी। भर्ती की प्रक्रिया नए शासनादेश में तय नियमों के अनुसार होगी। वर्तमान व्यवस्था में आउटसोर्स परिचालकों को निगम की ओर से 1.75 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से मानदेय दिया जाता है। वहीं संविदा परिचालकों को 2.16 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान किया जाता है। नए नियम लागू होने के बाद परिचालकों की भर्ती और सेवा व्यवस्था में बदलाव होगा। उनकी आय में भी बढ़ाेत्तरी हो सकेगी। अधिकारियों के अनुसार परिचालकों की संख्या बढ़ने से बसों के संचालन में भी सुविधा होगी। जिन मार्गों पर परिचालकों की कमी के कारण संचालन प्रभावित होता है, वहां पर्याप्त संख्या में परिचालक उपलब्ध कराए जा सकेंगे।