गोरखपुर। लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से 11वीं ऑल इंडिया प्राइजमनी टी-20 लक्ष्य चैंपियनशिप ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन रविवार को एनई रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर होगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला पूर्वोत्तर रेलवे और इंदौर (मध्य प्रदेश) की टीम के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में आईपीएल और रणजी टीम के 50 से अधिक खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे।
लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी के सचिव डॉ. त्रिलोक रंजन ने बताया कि प्रतियोगिता में देश की आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रदेश की सबसे बड़े पुरस्कार राशि वाली इस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए बीसीसीआई के अंपायर अश्विनी मनध्यानी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय बीसीसीआई स्तर के अंपायरों की टीम होगी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी थर्ड अंपायर की व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि मंडलायुक्त अनिल ढींगरा व सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह करेंगे। वहीं समापन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान व विशिष्ट अतिथि पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेटर विजय यादव करेंगे।
ये टीमें करेंगी प्रतिभाग
इंदौर (मध्य प्रदेश), क्रिकेट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, क्रिकेट एसोसिएशन उत्तराखंड, पूर्वोतर रेलवे, इंडियन एयरपोर्ट, फरीदाबाद, राजस्थान और नई दिल्ली।