गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में स्नातक और परास्नातक के सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी केंद्रों की ऑनलाइन मॉनीटरिंग की जाएगी।
सम सेमेस्टर परीक्षाओं (यूजी व पीजी द्वितीय सेमेस्टर को छोड़कर) में कुल 1,56,075 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें 1,06,633 छात्राएं और 49,442 छात्राएं शामिल हैं। स्नातक की परीक्षाएं डेढ़-डेढ़ घंटे की तीन पालियों में होंगी। इसी तरह परास्नातक की परीक्षाएं तीन-तीन घंटे की दो पालियों में संपन्न होगी। परीक्षा के पहले दिन विभिन्न विषयों के लिए 25,491 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 16,284 छात्र व 9207 छात्राएं शामिल हैं। इनमें यूजी के 23,260 व पीजी के 907 विद्यार्थी शामिल हैं।
आज से पहली पाली की सभी परीक्षाएं सुबह नौ बजे से
डीडीयू प्रशासन ने परीक्षाओं के बीच बड़ा निर्णय लिया है। 10 अप्रैल से विश्वविद्यालय और कॉलेजों में पहली पाली की सभी परीक्षाएं सुबह नौ बजे से होंगी। यह छह अप्रैल से चल रही वार्षिक परीक्षाओं पर भी लागू होगा। अब तक वार्षिक परीक्षाएं पहली पाली में सुबह आठ बजे से हो रही थीं। शिक्षकों-कर्मचारियों की मांग पर यह बदलाव किया गया है।
संशोधित समय सारिणी के अनुसार शामिल हों छात्र
परीक्षा नियंत्रक डॉ. कुलदीप सिंह ने सभी संबंधित छात्र-छात्राओं से अपील की है कि संशोधित समय सारिणी के अनुसार निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा में शामिल होना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि सभी नोडल केंद्रों के जरिये परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र और उत्तरपुस्तिकाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।
इस संबंध में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुचिता और पारदर्शिता के लिए सभी केंद्राें की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके अलावा गठित टीमें भी कॉलेजों का औचक निरीक्षण करेंगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कमी मिली तो संबंधित केंद्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।