लीबिया-जार्डन में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला जालसाज गिरफ्तार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवक से 2.21 लाख रुपये की ठगी के आरोपी को शाहपुर पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने लीबिया और जॉर्डन में नौकरी का झांसा देकर रकम लेने के बाद पीड़ित को फर्जी वीजा और एयर टिकट थमा दिया।
दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर दस्तावेज फर्जी होने का पता चला। इसके बाद रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने गालीगलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के सिवान जिले के ताड़ी बाजार, हरनाथपुर निवासी धनंजय सिंह के रूप में हुई है।
उसका दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र स्थित मंगोलपुरी में भी ठिकाना था। आरोप है कि वह दिल्ली में रहकर नौकरी की तलाश में भटक रहे युवकों को विदेश भेजने का झांसा देता था। सिद्धार्थनगर जिले निवासी रविशंकर मिश्रा ने बीते 28 फरवरी को शाहपुर थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी।
रविशंकर के मुताबिक, नौकरी की तलाश में गोरखपुर आने के दौरान एक परिचित के माध्यम से उसकी धनंजय से मुलाकात हुई। धनंजय ने विदेश में अच्छे पैकेज पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी के झांसे में आकर उसने उसे 2.21 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद धनंजय कई दिनों तक नौकरी लगवाने के नाम पर उसे टालता रहा। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने उसे बुलाया और फर्जी वीजा व एयर टिकट दे दिया। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर दस्तावेज फर्जी होने की जानकारी हुई।
इसके बाद रविशंकर ने धनंजय से रुपये वापस मांगे तो आरोप है कि उसने गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, आरोपी के घर जाने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद उसने शाहपुर थाने में शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मंगलवार को शाहपुर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एक शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। यदि अन्य पीड़ितों की ओर से भी शिकायत मिलती है तो उनकी भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी: रवि सिंह, सीओ कैंट