गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के लगभग 30 विद्यार्थियों ने सीएसआईआर-यूजीसी नेट की परीक्षा में सफलता हासिल की है। इसमें लगभग 15 विद्यार्थी जेआरएफ के लिए उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि अन्य नेट या पीएचडी में प्रवेश की अर्हता हासिल की है।
डीडीयू के विज्ञान संकाय के वनस्पति विज्ञान, प्राणि विज्ञान, गणित, रसायन, भौतिकी एवं बायोटेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की है। वनस्पति विज्ञान विभाग से सफल अभ्यर्थियों में मोहिनी कुमारी ने ऑल इंडिया 26वीं रैंक हासिल की है। उनके अलावा दीपचंद ने ऑल इंडिया 40वीं, रसायन विज्ञान के अरुण प्रताप वर्मा ने 43वीं एवं सत्यव्रत पांडेय ने 61वीं रैंक हासिल की है। बॉटनी से सफल विद्यार्थियों में आठ से अधिक छात्राएं शामिल हैं। इसी तरह प्राणि विज्ञान विभाग से पांच विद्यार्थियों ने जेआरएफ में सफलता पाई है।
सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि यह उत्कृष्ट परिणाम विश्वविद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, समर्पित संकाय मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों की कठोर मेहनत का प्रतिफल है।