- कॉलोनीवासी बोले- सड़क पर उड़ रही धूल, कीचड़ से फिसलने का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मोहद्दीपुर में बिजली अभियंता कार्यालय की मुख्य सड़क पर जलकल विभाग की ओर से किए गए बोरिंग से निकले बालू से नाली भर गई है। नाली में अवरोध की वजह से गंदा पानी सड़क पर बहा रहा है। इससे सड़क से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। तीन दिन बीतने के बाद भी नाली और सड़क की साफ-सफाई नहीं कराई गई।
मोहद्दीपुर के विद्युत अभियंता मोहल्ले में पुराने बोरवेल से खराब पानी आ रहा था। जलकल विभाग की ओर से शुद्ध जलापूर्ति के लिए नया बोरिंग कराने का कार्य किया जा रहा है। बोरिंग से निकले बालू से सड़क और नाली पूरी तरह से ढक गया। इससे सड़क से आने-जाने वाले लोगों को फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ है। वहीं नाली के ऊपरी सतह तक बालू से ढके होने के कारण नाली का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है।
मोहल्ला निवासी संतोष कुमार ने बताया कि बोरिंग का कार्य तीन पहले हो चुका है लेकिन अभी तक सड़क और नाली की सफाई नहीं हुई। जलकल विभाग के कर्मचारी रोज आते हैं लेकिन उनकी ओर से सफाई के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
वहीं राघवेंद्र ने बताया कि सड़क पर फैले बालू व कीचड़ से बाइक का पहिया फिसलने से गिरने का खतरा बना रहता है। नाली के पानी को आगे रोका गया है अगर पानी छोड़ दिया जाए तो सड़क पानी में डूब जाएगी। सड़क पर उड़ रहा धूल भी परेशानी का सबब बना हुआ है। इसकी सफाई के लिए नगर निगम से शिकायत की गई है लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।