केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान रुड़की से आई टीम ने किया सर्वे
पिपरौल /गीडा। पीएम आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत प्रदेश सरकार मजबूत और तय धनराशि में आवास बनाने के लिए पिपरौली ब्लॉक में मॉडल बनाएगी। इसके लिए जैतपुर गांव का चयन किया है। आयुक्त ग्राम्य विकास की ओर से जारी निर्देश के क्रम में शुक्रवार को केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान रूड़की, उत्तराखंड की टीम ने गांवों में पहुंचकर लाभार्थियों के आवास निर्माण का स्थलीय निरीक्षण करते हुए ले आउट ( चूना गिराकर निशान लगाना) तैयार किया। शनिवार से माॅडल आवास बनाने का काम शुरू किया जाएगा।
अवर अभियंता बीएन सिंह ने बताया कि रूड़की से आई टीम ने आवास के पांच से छह माडल का डिजाइन बनाया है। उसमें लाभार्थी को जो भी एक डिजाइन पसंद आएगा, उसी के अनुसार एक कमरे या दो कमरे का आवास और एक किचन बनाया जाएगा।ग्राम सचिव अजय जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार को टीम ने ले आउट देखा है, शनिवार से कार्य प्रारंभ होगा। शासन के निर्देशानुसार लाभार्थियों के खाते में आवास की धनराशि अवमुक्त हो गई है। स्थलीय सत्यापन हो गया है।
इस दौरान संस्थान के इंजीनियर डॉ पीके दास, वरिष्ठ वैज्ञानिक आशीष पिप्पल, ग्राम प्रधान उर्मिला देवी, उपेंद्र गौड़, अजय जायसवाल, विजय कुमार आदि मौजूद रहे।