मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय शैक्षिक सत्र 2020-21 के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियोें को अब ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसके कन्फर्मेशन पेज की कागजी प्रति विश्वविद्यालय को पोस्ट नहीं करनी होगी। जीएटीई (गेट) में सफल विद्यार्थियों को एमटेक में बिना मालवीय इंट्रेंस टेस्ट (मेट) दिए ही प्रवेश दिया जाएगा। यह जानकारी विवि के कुलपति प्रो. एसएन सिंह ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में दी। साथ ही कहा कि अगले सत्र से ही नए कोर्स भी शुरू होंगे।
विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में पत्रकारोें से रूबरू हुए प्रो. एसएन सिंह ने बताया कि विवि में स्नातक, परास्नातक और पीएचडी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए मेट 9 मई को विभिन्न सेंटरों पर आयोजित की जाएगी। इस बार अयोध्या में भी परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। इससे फैजाबाद, बाराबंकी, मऊ, गोंडा, सुल्तानपुर, बस्ती और उसके आसपास रहने वाले विद्यार्थियों को फायदा होगा।
बीटेक प्रथम वर्ष के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए 90 फीसदी सीटें मेट के जरिए भरी जाएंगी। 10 सीटों पर जेईई मेन परीक्षा 2020 के अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। सभी अभ्यर्थियोें ने या तो उत्तर प्रदेश से ही जेईई योग्यता परीक्षा पास की हो या उनके उनके माता पिता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हो।
बीटेक में प्रवेश के लिए वहीं छात्र योग्य होंगे जिन्होेंने फिजिक्स केमिस्ट्री और मैथ तीनों विषयों में अलग अलग कम से कम साठ फीसदी अंकों के साथ कम से कम 55 फीसदी अंकों के साथ इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण की हो। अनुसूचित जाति-जनजाति के छात्रों का कम से कम 50 फीसदी अंकों से पास होना जरूरी है।
बीबीए में प्रवेश के लिए कम से कम 55 फीसदी, एससी-एसटी विद्यार्थियों के लिए 50 फीसदी अंकों के साथ बारहवीं कक्षा में अंग्रेजी विषय होना जरूरी है। बीटेक प्रथम वर्ष की प्रवेश परीक्षा में गणित के 60, भौतिक विज्ञान के 50 और रसायन विज्ञान के 40 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न चार अंक का होगा। गलत उत्तर देने पर एक अंक कटेगा। सभी प्रवेश परीक्षाओं के लिए आवेदन सिर्फ ऑनलाइन ही होंगे। प्रो. एसएन सिंह ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय में एमएससी केमिस्ट्री पाठ्यक्रम शुरू किया जा रहा है।
16 जनवरी से 31 मार्च तक भरें प्रवेश परीक्षा के फार्म
प्रो. एसएन सिंह ने बताया कि प्रौद्योगिकी विवि में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की आवेदन प्रक्रिया की तारीखें तय कर दी गई हैं। खास बात यह है कि प्रवेश परीक्षा एक दिन में ही संपन्न करा दी जाएगी, पहले यह दो दिन चलती थी। विद्यार्थी 16 जनवरी से 31 मार्च 2020 की शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इस बार आवेदन प्रक्रिया पूर्णतया ऑनलाइन है। स्नातक और परास्नातक कक्षाओं की प्रवेश परीक्षा 9 मई 2020 को प्रदेश के बारह जिलों में परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परिणाम जून के प्रथम सप्ताह में घोषित किया जाएगा। पीएचडी की प्रवेश परीक्षा 1 जुलाई 2020 को होगी और इसी शाम इसका परिणाम भी दे दिया आ जाएगा।
बी फार्मा की पढ़ाई के लिए फार्मेेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम कल जांचेगी सुविधाएं
प्रो. एसएन सिंह ने बताया कि विवि में 2020-21 शैक्षिक सत्र में बी फार्मा की पढ़ाई भी शुरू हो सकती है। 22 जनवरी को फार्मेेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम निरीक्षण करने आ रही है। उन्होेंने बताया कि बी फार्मा पाठ्यक्रम के लिए विवि में परास्नातक स्तर की केेमिस्ट्री लैब, केमिकल सहित आधारभूत ढांचा मौजूद है। यदि पीसीआई टीम ने निरीक्षण के बाद स्वीकृति दे दी तो नए शैक्षिक सत्र के लिए इस पाठ्यक्रम में भी प्रवेश लिया जाएगा।