गोरखपुर। एमएमएमयूटी ने अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपनी स्थिति बेहतर की है। क्यूएस दक्षिण एशिया विश्वविद्यालय रैंकिंग-2027 में विश्वविद्यालय चार पायदान की छलांग लगाकर 425वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले साल 429वीं रैंक मिली थी। वहीं, क्यूएस एशिया विश्वविद्यालय रैंकिंग में लगातार दूसरे वर्ष विश्वविद्यालय ने 1301-1400 रैंकिंग बैंड में जगह बरकरार रखी है।
भारतीय संस्थानों में एमएमएमयूटी को 244वां स्थान मिला है। उत्तर प्रदेश के सरकारी विश्वविद्यालयों में नौवां और सरकारी व निजी संस्थानों को मिलाकर 13वां स्थान हासिल हुआ है। विश्वविद्यालय का प्रदर्शन शोध के क्षेत्र में खास रहा है। प्रति शिक्षक शोध पत्र के मानक पर 59.5 अंक के साथ उसे दक्षिण एशिया में 300वीं रैंक मिली है। यह विभिन्न मूल्यांकन मानकों में विश्वविद्यालय का सर्वाधिक स्कोर है।
शिक्षक-छात्र अनुपात में विश्वविद्यालय को 23.1, अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क में 18.5 और प्रति शोध पत्र उद्धरण के मामले में 15.6 अंक मिले हैं। वहीं, नियोक्ता प्रतिष्ठा में छह और शैक्षणिक प्रतिष्ठा में 5.1 अंक प्राप्त हुए हैं। क्यूएस रैंकिंग में शोध प्रकाशन, शोध पत्रों के उद्धरण, शिक्षक-छात्र अनुपात, विदेशी शिक्षकों और विद्यार्थियों की संख्या, अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग और छात्र विनिमय जैसे मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है।
यह शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विश्वविद्यालय में शोध सुविधाओं को मजबूत करने, गुणवत्तापूर्ण शोध प्रकाशनों को प्रोत्साहित करने और विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। आने वाले वर्षों में शोध की गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता को और बेहतर बनाने का प्रयास होगा।
-प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा, कुलपति, एमएमएमयूटी