नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला
नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को शहर की खराब बिजली व्यवस्था का मामला विधान सभा में उठाया। उन्होंने कहा कि शहर में बांस-बल्ली पर झूलते बिजली के तारों को हटाने, जर्जर विद्युत पोलों को बदलने तथा मकानों के ऊपर से गुजरने वाले हाईटेंशन तारों को हटवाने के संदर्भ में कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने इस संबंध में सरकार को जबाब देने के लिए निर्देशित किया है।
विधानसभा में नगर विधायक ने कहा कि शहर के बड़े हिस्से में अभियंताओं ने बांस-बल्ली पर तार दौड़ाकर नागरिकों को वैधानिक बिजली कनेक्शन दे दिए। बिजली के झूलते तारों से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सारे कनेक्शन नियमानुसार हैं, लेकिन अभियंताओं के भ्रष्टाचार की वजह से बांस बल्ली के सहारे ही घरों तक बिजली पहुंचा दी गई।
यही नहीं, हाईटेंशन लाइन के नीचे घरों की वजह से शहर में कई मौतें हो चुकी हैं। उन्होंने सरकार से हाईटेंशन तारों को शिफ्ट किए जाने की मांग की। इसके बाद नगर विधायक ने ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मुलाकात कर उन्हें भी समस्या से अवगत कराया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वे प्रयास कर रहे हैं कि इस कार्य के लिए लोन के माध्यम से निगम को धन उपलब्ध कराया जाए।