- शहर में लगे कैंप में फॉर्म भरने हो रहीं गलतियां, समझ नहीं पा रहे लोग
गोरखपुर। विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के तहत बुधवार को शहर के मतदान केंद्रों पर शिविर लगाया गया। शिविर में पहुंचे बहुत सारे लोग फॉर्म को भरने में गलतियां कर रहे हैं। शिविर में ही बीएलओ ने अपने सामने फॉर्म को संशोधित कराकर ठीक कराया। एक मतदाता ने कहा कि उनका नाम तो मतदाता सूची में है लेकिन सीरियल नंबर ही गलत है। वह फॉर्म कैसे भरें?
सेंट एंड्रयूज कॉलेज में लगे शिविर में पहुंचे राम प्रवेश ने फॉर्म में बने कॉलम में सीरियल नंबर और बूथ संख्या का जिक्र नहीं किया था। बीएलओ ने उनसे फॉर्म को पूरा भरने को कहा। इस पर राम प्रवेश ने कहा कि मेरा नाम 2003 की सूची में तो है पर सीरियल नंबर ही गलत है, मकान नंबर भी मेरा नहीं दिख रहा है। मैं हमेशा वोट डालता रहा हूं, आप ही बताएं कैसे फॉर्म भरूं? इसी प्रकार बेतियाहाता स्थित केंद्र पर पहुंचे संदीप गुप्ता अपना फॉर्म लेकर गए थे। वर्ष 2003 का कॉलम भरने में उन्हें समझ में नहीं आया। बोले, तीन दिन से मशक्कत कर रहा हूं पर कोई बता नहीं पाया। फिर उन्हें पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने सूची दिखाई और उनका नाम खोजवाकर फाॅर्म भरवाया। इसी तरह की दिक्कतें हर जगह नजर आईं।
-
फाॅर्म सौ प्रतिशत जमा करने वाले 13 बीएलओ सम्मानित
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्रों के एसआईआर फाॅर्म सौ प्रतिशत मतदाताओं के घरों तक पहुंचाने और जमा करने व ऑनलाइन फीडिंग पूरी कराने वाले 13 बीएलओ को कमिश्नर और डीएम ने बुधवार को सम्मानित किया।
-
एसआईआर फॉर्म की समीक्षा पर डीएम सख्त, कार्रवाई की चेतावनी
- डीएम दीपक मीणा ने खजनी तहसील में की तैयारियों की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
उनवल। खजनी तहसील में डीएम दीपक मीणा ने बुधवार को एसआईआर फॉर्म से जुड़ी तैयारियों की गहन समीक्षा की। डीएम ने तहसील प्रशासन और निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चरण समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। अगर कार्य में लापरवाही मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने एसडीएम खजनी राजेश प्रताप सिंह को निर्देशित किया कि बीएलओ और सुपरवाइजरों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें और फॉर्म के वितरण से संग्रहण तक किसी भी स्तर पर देरी न होने पाए। डीएम ने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया को गति दें और वितरित किए गए सभी फॉर्म निर्धारित समय के भीतर तहसील में जमा कराना सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम और सेवा काउंटर का भी जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों से फॉर्म प्राप्ति एवं जमा की प्रक्रिया की जानकारी ली और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि कंट्रोल रूम सतत सक्रिय रहे और प्राप्त हर कॉल पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
-
सपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
गोरखपुर। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष शहाब अंसारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर एसआईआर फॉर्म में बीएलओ द्वारा गलत सूचना फीड करने का आरोप लगाया और उसे सुधार कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि फीडिंग के काम में गलत जानकारी दी जा रही है ऐसे में बहुत सारे मतदाताओं का नाम सूची से हट जाएगा। इस दौरान जियाउल इस्लाम, नगीना प्रसाद साहनी, अमीरुद्दीन अंसारी, अशोक यादव आदि मौजूद रहे।