गोरखपुर जिले के मोहद्दीपुर स्थित बिग बाजार के कैशियर संजय कुमार साहनी से बाइक सवार बदमाशों ने सात हजार रुपये लूट लिया। घटना शनिवार की रात खोराबार के मोतीराम अड्डा कुसम्ही मार्ग पर उस समय हुई जब संजय बाइक से अपनी बहन के घर जा रहे थे।
संजय के मुताबिक तीन बाइक से सवार नौ युवकों ने ओवरटेक कर रोका और उनको पीटने लगे। उनका सिर फोड़ दिया। जिसके बाद बैग में रखे रुपये ले लिया। संजय ने रविवार को पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया है।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर के कप्तानगंज के राजमंदिर गांव के पकड़हा टोला निवासी संजय कुमार साहनी मोहद्दीपुर स्थित बिग बाजार में कर्मचारी हैं। वंहा वह कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। खोराबार के कुसम्ही मोतीराम अड्डा मार्ग स्थित सेमरहिया गांव में उनकी बहन का घर है।
वह शनिवार की रात ड्यूटी से बाइक द्वारा बहन के घर के लिए निकले। आरोप है कि बहन के गांव से कुछ दूर पहले तीन बाइक से सवार नौ लोगों ने ओवरटेक कर रोक लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी व बाइक छीनने की कोशिश करने लगे।
इस दौरान दबंगों ने बैग में रखा सात हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। संजय ने बताया कि पिटाई के दौरान उनका सिर भी फट गया। संजय ने लूट करने वालों में से एक का नाम पता मौखिक रूप से पुलिस को बताते हुए अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। इस संबंध में थानेदार खोराबार इंस्पेक्टर नासिर हुसैन ने बताया कि मामला मारपीट का है। हमलावरों की शिनाख्त की गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।