उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में महिला की सोने की चेन खींचने का प्रयास कर रहे बदमाशों की बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसे में दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
महिला की तहरीर मिलने के बाद कैंट और खोराबार पुलिस घटनास्थल को लेकर सीमा विवाद में उलझ गई। इस वजह से खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। दोनों आरोपी गोरखनाथ थाना क्षेत्र के के रहने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक जंगल सिकरी की निवर्तमान महिला प्रधान मीना देवी बाजार से घर लौट रहीं थीं। शाम करीब सात बजे सूबा बाजार के कलावती चौराहे पर ऑटो रुकवाकर कुछ सामान लेने लगीं। इस बीच एक बाइक पर सवार दो युवक झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल एवं गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश करने लगे।
मीना देवी ने शोर मचाया तो दोनों बाइक सवार भागने लगे और पास में खड़े ट्रक से टकरा गए। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी से पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई। मीना देवी ने घटना की तहरीर कैंट थाने में दी तो उन्हें घटना खोराबार क्षेत्र की बताकर वहां भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर खोराबार नासिर हुसैन ने बताया कि घटना कैंट इलाके में हुई है। खबर लिखे जाने तक किसी भी थाने में मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका था।