गोरखपुर महोत्सव (11-13 जनवरी) में आने वाले लोग विज्ञान के चमत्कारों के गवाह बनेंगे। चंपा देवी पार्क में कल्याणकारी एवं आधुनिक तकनीकी के मॉडलों की प्रदर्शनी लगाए जाएगी। इसमें विद्यार्थी, संगठित व असंगठित क्षेत्र के नव प्रवर्तक अपने मॉडलों का प्रदर्शन कर सकेंगे।
वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला के क्षेत्रीय वैज्ञानिक अधिकारी महादेव पांडेय ने बताया कि आयोजन के अंतर्गत आधुनिक तकनीकी व विज्ञान पर क्विज व निबंध प्रतियोगिता के अलावा स्वास्थ्य व पर्यावरण के क्षेत्र में विज्ञान की भूमिका पर व्याख्यान भी होगा। प्रदर्शनी में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
पुलिस के स्मार्ट डंडे, महिलाओं की सेफ्टी सैंडल होगा प्रदर्शन
प्रदर्शनी में नव अन्वेषक श्याम जी चौरसिया, सेना में जवानों के लिए सुरक्षित कपड़े, जूते व दस्ताने, पुलिस के स्मार्ट डंडे, महिलाओं की सेफ्टी सैंडल का प्रदर्शन करेंगे। गोरखपुर के अभिषेक कुशवाहा व अभिषेक चौधरी, गंगाराम चौहान, गौरव श्रीवास्तव, राम मिलन भरद्धाज, अनिकेत मिश्रा, श्रीप्रकाश द्विवेदी केे नवाचारों का भी प्रदर्शन होगा। इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों की ओर से नव विकसित 50 मॉडलों का भी प्रदर्शन होगा।