- गुलरिहा इलाके के एक गांव का मामला, दूल्हे की उम्र 45 साल के करीब, राजस्थान का है रहने वाला
अमर उजाला ब्यूरो
भटहट (गोरखपुर)। गुलरिहा इलाके के एक गांव में बच्ची के निकाह के बाद पुलिस ने उसकी विदाई रुकवा दी। कारण बच्ची की उम्र 18 साल से कम होना था। नाबालिग साबित होने के बाद अब पुलिस केस दर्ज करने की तैयारी में है।
क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग का निकाह राजस्थान के बीकानेर निवासी एक युवक के साथ कराए जाने का मामला प्रकाश में आया था। निकाह करने वाले व्यक्ति की उम्र लगभग 45 वर्ष है। हालांकि, निकाह के समय लड़की ने दूल्हे की उम्र अधिक देख एतराज जताया था। निकाह के थोड़ी देर बाद गांव के कुछ लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती दूल्हे पक्ष के लोग पिपराइच थाना क्षेत्र के एक गांव में बिचौलिए के घर पहुंच गए थे। ऐसे में पुलिस ने लड़की को पूछताछ के लिए थाने बुलाया और दूल्हे के साथ ही अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी। मामले में लड़की पक्ष की तरफ से अब तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। अधिकारियों के निर्देश पर सही उम्र की जानकारी के लिए लड़की को बाल कल्याण समिति गोरखपुर भेज दिया गया है। जिला अस्पताल में जांच के लिए लड़की को उसके परिजनों के साथ सोमवार को भेजा गया था। जांच रिपोर्ट बुधवार को थाने पर आ गई है, जिससे साबित हो गया है कि वह नाबालिग है।