गीडा थाना क्षेत्र की घटना, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
पिपरौली। गीडा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात सड़क पर वाहन पास लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। कार सवार पांच युवकों ने एक ट्रक ड्राइवर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण चालक मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रामजानकीनगर निवासी अजय कुमार सिंह ने गीडा थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके ट्रक चालक राजेश पटेल का शनिवार रात करीब 10:30 बजे एक कार में सवार युवकों से पास देने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कार सवार युवकों ने चालक के साथ गाली-गलौज की और फिर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना की सूचना रविवार तड़के पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गीडा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सभी पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रतीक, अमित यादव, गोविंद, श्रीकांत जायसवाल और अमन जायसवाल शामिल हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।