गोरखपुर की गीडा पुलिस ने तमंचे के साथ खनन माफिया सोनू यादव को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने गीडा के चिरैयाडाड़ निवासी आरोपी सोनू पर आर्म्स एक्ट का केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान गीडा पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि खनन माफिया सोनू यादव इस समय सहजनवां से बाईपास जाने वाले मोड़ पर मौजूद है। उसके पास असलहा है और कोई वारदात भी कर सकता है। इस सूचना पर पुलिस पहुंच गई और आरोपी को दबोच लिया।
गांजा के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार
पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के पास से 865 ग्राम गांजा और एक बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। शनिवार को पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया। आरोपियों की पहचान गोला के खोपापार निवासी मोतीलाल विश्वकर्मा और उसके बेटे विशाल विश्वकर्मा के रूप में हुई है।