गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके में लखपति भिखारी की शुक्रवार को मौत हो गई। एक महीने पहले वह सड़क हादसे में घायल हुआ था। तब पुलिस को उसकी जेब से तीन लाख 64 हजार रुपये मिले थे। शहर के एक निजी अस्पताल में उसका टूटी एड़ी की ऑपरेशन हुआ था। ड्रेसिंग कराने उसी अस्पताल पर गया था। ड्रेसिंग के बाद गाड़ी पर बैठते समय उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, पिपराइच थाना क्षेत्र के समदार खुर्द निवासी शरीफ जन्मजात मूकबधिर थे। भतीजे इनायत अली के साथ रहते थे। दशकों से गुलरिहा के भटहट मेन चौराहे पर भिक्षाटन करते फिरते थे। 16 दिसम्बर को इसी थाना क्षेत्र के बैलो निवासी अपने साथी अविनाश निषाद के साथ भटहट कस्बे होते हुए महराजगंज की ओर जा रहे थे।
वाटर एटीएम के पास बाइक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय पुलिस इलाज के लिए भटहट सीएचसी ले गई थी। वहां के चिकित्सकों ने रेफर कर दिया था। घायल मूकबधिर को एंबुलेंस में बैठाते समय चौकी इंचार्ज ने घायल की तलाशी ली। उसके बाद जो नजारा देखने को मिला तो सभी दंग रहे।
घायल की जेब से तीन लाख चौसठ हजार एक सौ पचास रुपया बरामद हुए थे जो पुलिस ने जमा करा दिए थे। एक सप्ताह पहले पुलिस ने मूकबधिर के रुपये उसे वापस दे दिए थे। शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। इस संबंध इंस्पेक्टर मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली थी, न ही कोई कार्रवाई की गई है।