भगवानपुर। करवा चौथ का सामान खरीदने बाजार जा रहे बाइक सवार अधेड़ की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। हादसा बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे पीपीगंज थाना क्षेत्र के जसवल बाजार चौराहे के पास हुआ।
दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तुर्कवलिया गांव निवासी छोटे लाल पांडेय गुरुवार शाम बाइक से जसवल बाजार जा रहे थे। वह करवा चौथ की खरीदारी करने निकले थे। अभी जसवल बाजार चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि सिसई घाट की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।