कोरोना टीकाकरण की रफ्तार बढ़े इसके लिए तमाम तरह के प्रयास विभाग तो अपने स्तर से कर ही रहा है लेकिन सोशल मीडिया पर इस संबंध में स्लोगन, शायरी और कटाक्ष के जरिये लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इनमें कुछ ऐसे स्लोगन भी हैं, जिन्हें पढ़ने के बाद लोगों को हंसी भी आ रही है। इन व्यंग्य भरे स्लोगनों में ‘टीका नहीं लगवाने से यमराज बहुत खुश होता है’, टीका लगवाओगे तो बार-बार मिलेंगे, लापरवाही करोगे तो हरिद्वार मिलेंगे’ आदि शामिल हैं। ये सब स्लोगन कुछ ऐसे स्लोगनों की मदद से बनाए गए हैं, जो अक्सर ट्रकों पर लिखे मिलते हैं।
कोरोना संक्रमण से बचने का सबसे उत्तम उपाय कोविड टीकाकरण ही है। विशेषज्ञ भी इस बात को मान रहे हैं। इसके बाद भी कुछ लोग टीकाकरण के संबंध में आगे नहीं आ रहे हैं। जिले में 36 लाख से अधिक लोगों को टीका लगना है, लेकिन अब तक 19 लाख लोगों को ही टीका लग पाया है। ऐसी स्थिति में विभाग महाभियान चलाकर टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक कर रहा है।
सोशल मीडिया पर इन दिनों ये स्लोगन हैं चर्चा में
- देखो मगर प्यार से... कोरोना डरता है वैक्सीन की मार से
- मैं खूबसूरत हूं मुझे नजर न लगाना, जिंदगी भर साथ दूंगी वैक्सीन जरूर लगवाना
- हंस मत पगली प्यार हो जाएगा, टीका लगवा ले कोरोना हार जाएगा
- टीका लगवाओगे तो बार-बार मिलेंगे, लापरवाही करोगे तो हरिद्वार मिलेंगे
- यदि करते रहना हैं सौंदर्य दर्शन रोज-रोज, तो पहले लगवा लो वैक्सीन के दोनों डोज
- टीका नहीं लगवाने से यमराज बहुत खुश होता है
- चलती है गाड़ी उड़ती है धूल, वैक्सीन लगवा लो वर्ना होगी बड़ी भूल
- बुरी नजर वाले तेरा मुंह काला, अच्छा होता है वैक्सीन लगवाने वाला
- कोरोना से सावधानी हटी तो समझो पूड़ी बंटी
- मालिक तो महान है, चमचों से परेशान है, कोरोना से बचने का टीका ही समाधान है