महराजगंज। बृहस्पतिवार को ग्राम प्रहरी चौकीदार संघ के जिलाध्यक्ष बाले खान के नेतृत्व में दर्जनों चौकीदारों ने कलक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ग्रामीण चौकीदारों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने की अपील की गई है।
संघ का कहना है कि ब्रिटिश काल के पुराने नियमों के तहत काम करने वाले चौकीदारों को अब आधुनिक सुविधाएं और सम्मानजनक वेतन मिलना चाहिए।
ज्ञापन में मुख्य रूप से वेतन वृद्धि, खाकी वर्दी प्रदान करने, अस्थायी से स्थायी कर्मचारी बनाने और ड्यूटी नियमों में संशोधन करने की मांग की गई है। जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत ने बताया कि वर्तमान में जिले के सभी ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को मात्र 2,500 रुपये मासिक मानदेय मिलता है। 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान वादा किया गया था कि भाजपा सरकार बनने पर चौकीदारों का वेतन 18,500 रुपये दिया जाएगा और छह माह में स्थायीकरण का आदेश जारी होगा। लेकिन 2014, 2019 के लोकसभा चुनाव और 2017, 2022 के विधानसभा चुनाव बीतने के बावजूद ये वादे पूरे नहीं हुए।
संघ ने मांग की कि खाकी वर्दी, पैंट-शर्ट, लाल टोपी, जूते, बेल्ट और ‘’ग्राम प्रहरी’’ लिखा बैज प्रदान किया जाए ताकि वे जनता की नजर में पुलिस का अभिन्न अंग दिखें।