- कोतवाली थाने में दर्ज किया गया था गैंगस्टर एक्ट में मामला, पुलिस ने की कार्रवाई
गोरखपुर। अंगूठे का क्लोन तैयार कर फर्जी शैक्षणिक डिग्री, अंकपत्र और आधार कार्ड जैसे अहम दस्तावेज बनाने वाले गिरोह के एक और गुर्गे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरोह में पांच जालसाज शामिल थे, जिनपर गैंगस्टर एक्ट लगा था। बाद में पार्ट विवेचना में आरोपी जटेपुर निवासी ओमप्रकाश उर्फ राकेश मिश्रा का नाम आया था, जिसका नाम बढ़ाते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
इस संगठित जालसाजी गिरोह का पर्दाफाश मई 2025 में हुआ था, जब कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर अंगूठे का क्लोन बनाने से जुड़ा नेटवर्क पकड़ा था। जांच के दौरान पुलिस ने थ्रीडी फिंगर प्रिंट मशीन, पॉलिमर स्टांप मशीन, ट्रेसिंग पेपर समेत कई ऐसे उपकरण बरामद किए थे, जिनका इस्तेमाल कर यह गिरोह नकली दस्तावेज तैयार करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी 700 से 1500 रुपये में अंगूठे का क्लोन बनाते थे, जबकि फर्जी अंकपत्र और डिग्री के लिए पांच हजार रुपये तक वसूले जाते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का संचालन शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया निवासी श्याम बिहारी गुप्ता उर्फ गंगाराम करता था। वहीं, महाराजगंज जिले के निचलौल निवासी इमरान खान गिरोह का सरगना है। इमरान गोरखनाथ थाना क्षेत्र के हुमायूंपुर उत्तरी में किराये के मकान में रहकर थ्रीडी प्रिंटर के माध्यम से ट्रेसिंग पेपर पर अंगूठे के फिंगर प्रिंट तैयार करता था। इसके बाद यह प्रिंट गणेश चौक क्षेत्र में ओमप्रकाश को दिया जाता, जो फ्लैश और पॉलिमर स्टांप की मदद से अंगूठे का क्लोन बनाता था। इसी आधार पर केस में नाम बढ़ाकर गिरफ्तारी की गई।