इसी घर के बाथरूम में मिला था सईद का शव (फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली इलाके के नखास स्थित घर के बाथरूम में तीन गोलियां लगने से दवा कारोबारी सईद की हुई मौत की वजह की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। यह युवक सईद के बेटे अनस का दोस्त है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
खबर है कि यह वहीं दोस्त है, जो दवा कारोबारी की मौत से कुछ देर पहले अनस और फिर उसके पिता से मुलाकात की थी। पहले इस मामले को खुदकुशी बता रही पुलिस अब हत्या के एंगल पर जांच शुरू की तो उसे तथ्य भी मिलने लगे हैं। अब पुलिस को सोमवार को आने वाले फोरेंसिक, बैलेस्टिक और हैंड वॉश रिपोर्ट का इंतजार हैं। एसपी सिटी का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद जांच में और सहूलियत मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस इस प्रकरण को शुरुआत से खुदकुशी बता रही थी। जबकि कारोबारी के सीने में दो और सिर में एक गोली लगी थी। उधर, तीन गोलियां मारकर खुदकुशी की बात खुद डीआईजी को भी समझ में नहीं आईं तो पुलिस ने जांच तेज की। एसपी सिटी को जिम्मेदारी सौंपी गई तो जांच का एंगल अपने आप बदलने लगा है। डीआईजी ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए फोरेंसिक टीम और एसपी सिटी के साथ बैठक कर चुके हैं। एक-एक पहलू को समझने के बाद एसपी सिटी को उन्होंने कई दिशा-निर्देश भी दिए थे। इस मामले में अधिकारियों ने बातचीत कर लखनऊ के विशेषज्ञ टीम को बुलाकर सीन री क्रिएशन कराने का फैसला किया है। इस टीम का भी पुलिस इंतजार कर रही है।