यह प्रमाणपत्र पाने वाला यांत्रिक कारखाना है भारतीय रेल का प्रथम कारखाना
डीक्यूएस जर्मनी के प्रतिनिधि ने प्रदान किया प्रमाणपत्र
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। यांत्रिक कारखाना गोरखपुर को इंटरनेशनल रेलवे इंडस्ट्री स्टैंडर्ड प्रमाणपत्र प्राप्त हो गया है। यह प्रमाणपत्र पाने वाला यांत्रिक कारखाना भारतीय रेल का प्रथम कारखाना है। यांत्रिक कारखाना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने वाली यूरोपीय रेल संघ यूनिफी की ओर से आईआरआइएस आईएसओ/टीएस 22163ः2017 सर्टिफिकेट डीक्यूएस जर्मनी के प्रतिनिधि ने सौंपा।
इस दौरान प्रमुख यांत्रिक इंजीनियर एमके अग्रवाल और मुख्य कारखाना प्रबंधक डीके खरे ने कहा कि यह प्रमाणपत्र सभी इंजीनियरों एवं कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का नतीजा है। विश्व में 2277 कंपनियों को ही प्रमाणपत्र प्राप्त हैं जिनमें से 163 भारतीय कंपनियां हैं। भारतीय रेल के सभी कारखाने में गोरखपुर का यांत्रिक कारखाना पहला कारखाना है। इस प्रमाणपत्र को प्राप्त करने के लिए डीक्यूएस जर्मनी की बंगलुरु स्थित शाखा करीब 6 माह से कारखाने में कोच अनुरक्षण कार्य के गुणवत्ता एवं कामकाज की निगरानी कर रही थी। इस प्रमाणपत्र के लिए यूनिफी ने 10 मानक तय कर रखे थे, जिसमें कोच अनुरक्षण, प्रोजेक्ट, गुणवत्ता प्रक्रिया, कास्ट, निरीक्षण एवं यात्री शिकायतों के प्रबंधन एवं दक्षता का मूल्यांकन किया जाता है।