कोरोना से जंग जीतने के बाद निरीक्षण पर निकले मेयर सीताराम जायसवाल।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के करीब 70 साल के मेयर सीताराम जायसवाल ने कोरोना को मात देकर फिर से शहर की सेवा में जुट गए। बुधवार को शहर का भ्रमण कर नगर निगम द्वारा किए जा रहे सैनिटाइजेशन व साफ सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सही ढंग से मास्क न लगाने वाले लोगों को फटकार लगाते हुए सावधानी बरतने को कहा।
पिछले दिनों मेयर ने कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मिर्जापुर स्थित आवास पर होम क्वारंटीन कर स्वास्थ्य लाभ लिया। होम क्वारंटीन के बाद फिर से उन्होंने कोरोना संबंधी जांच कराई तो रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद बुधवार को दोपहर में मेयर शहर के निरीक्षण के लिए निकले। इस दौरान उन्होंने नगर निगम की ओर से कराए जा रहे सैनिटाइजेशन और नाले की सफाई का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने कई लोगों को बिना मास्क पहने शहर में घूमते हुए देखा तो गाड़ी रुकवाई और संबंधित व्यक्ति को मास्क पहनने की नसीहत देते हुए कहा कि अगली बार ऐसा करते हुए पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मेयर ने शहर के लोगों से अपील की कि जहां तक संभव हो सके लोग अपने घरों पर ही रहें, बहुत आवश्यक कार्य पर ही बाहर निकले।