गोरखपुर। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने नगर निगम के अभियंताओं और अधिकारियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शिलान्यास की गई सभी परियोजनाओं पर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उन्हें बिना विलंब के धरातल पर उतारा जाए, ताकि शहरवासियों को जल्द लाभ मिल सके।
बैठक में मेयर ने अमृत 2.0, राज्य स्मार्ट सिटी मिशन, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, सीएम ग्रिड योजना, उपवन योजना, पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, सीवरेज एवं जल निकासी, त्वरित आर्थिक विकास योजना, नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, 15वें वित्त आयोग, अर्बन फ्लड नियंत्रण, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज और अर्बन चैलेंज फंड के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक योजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, अतुल कुमार, प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, जलकल महाप्रबंधक रघुवेंद्र कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।