जिला अस्पताल में आग लगने से बड़ी घटना हो सकती थी।
- फोटो : अमर उजाला।
संयुक्त जिला अस्पताल में शुक्रवार की दोपहर में पीआईसीयू वार्ड में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे अफरातफरी मच गई। वार्ड में भर्ती दो मासूमों को अस्पताल कर्मियों ने सूझबूझ से बाहर निकाल लिया। कर्मचारियों ने अस्पताल में मौजूद अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू कर लिया। फायर बिग्रेड के पहुंचने से पूर्व आग बुझाई जा चुकी थी।
गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों के लिए बने पिडियाट्रिक इंसेटिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में शुक्रवार को लगभग डेढ़ बजे के करीब शार्ट सर्किट से आग लग गई। उस दौरान वार्ड में अर्पित (आठ माह) और ऋषभ (10 माह) भर्ती थे।
आग की लपटें देख वहां मौजूद स्टॉफ नर्स और अन्य कर्मियों ने दोनों बच्चों को आनन-फानन में बाहर निकाला। आग की लपटें तेज होती गईं और वार्ड में लगे एसी वगैरह उपकरण जलकर नष्ट हो गए। वार्ड में रखे अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल कर अस्पताल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
सूचना मिलने पर सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह, सीएमएस डॉ. वाईपी सिंह, अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा आदि पहुंच गए। सीएमएस डॉ. वाईपी सिंह ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा है। वार्ड में दो बच्चे भर्ती थे जिन्हें अस्पताल कर्मियों ने बाहर निकाल लिया।