होटल प्रदीप के बाहर जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
गैस गोदाम गली में स्थित होटल प्रदीप के किचन में मंगलवार दोपहर में आग लग गई। आग की वजह थी कि इस वजह से धुआं भर गया था और ऊपर मौजूद करीब 200 लोग फंस गए। आग से घिर जाने के डर से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। होटल स्टॉफ ने जल्दी-जल्दी लोगों को होटल से बाहर निकाला। तत्काल सूचना देकर फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। फायर ब्रिगेड ने शीशों को तोड़ा, जिसके बाद धुआं बाहर आया और आग पर काबू पाया जा सका। बाहर आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर अचानक गोरखपुर के विजय चौक के पास गैस गोदाम गली में स्थित होटल प्रदीप के किचन में लगी आग से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। ऊपर के मंजिल पर सगाई समारोह था, जिसमें करीब 200 लोग मौजूद थे। लोग जब तक आग बुझाने के उपाय कर पाते इसके पहले कमरों में धुआं भर गया। स्टाफ ने मौजूद लोगों को आग की सूचना नहीं दी थी, इस वजह से अफरा-तफरी ज्यादा थी। होटल में आग की सूचना पर गैस गोदाम गली में भारी भीड़ जुट गई थी।
फायरकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से फंसे लोगों को होटल से बाहर निकाला। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने की कोशिशे शुरू की। तब तक कमरों में धुआं भर गया था। फायर ब्रिगेड ने थोड़ी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की वजह से किसी किस्म के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। आग पर काबू पाए जाने के बाद फायर ब्रिगेड, जिला प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस और वहां जुटे लोगों ने राहत की सांस ली।